खरगे-राहुल-प्रियंका ने की कुलगाम आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

नयी दिल्ली, 01 अगस्त (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की मांग की है।

श्री खरगे ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि कुलगाम में हुआ कायराना आतंकवादी हमला अत्यंत निंदनीय और मानवता को शर्मसार करने वाला है। दो निर्दोष मजदूरों की पहचान पूछकर उनकी निर्मम हत्या करना आतंक की क्रूर मानसिकता का घिनौना उदाहरण है।

उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दोषियों को कानून के अनुसार सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।

श्री गांधी ने कहा कि इस दुस्साहसी आतंकवादी हमले में देश के दो श्रमिकों की हत्या अत्यंत दुखद है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि आतंकवादियों के खिलाफ इस कायराना हमले के लिए सख्त कार्रवाई हो और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिले। आतंकवाद के खिलाफ पूरा देश हमेशा एकजुट है।

श्रीमती वाड्रा ने भी हमले को अत्यंत शर्मनाक और निंदनीय बताते हुए कहा कि ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले दो मजदूरों की पहचान पूछकर हत्या करना बेहद घृणित और मानवता विरोधी कृत्य है। उन्होंने कहा कि पूरे देश की संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं तथा आतंकियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई कर उन्हें सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए।

 

Next Post

दादाजी धाम मंदिर निर्माण को मिली रफ्तार

Sat Aug 1 , 2026
खंडवा :स्थित दादाजी धाम मंदिर निर्माण के लिए मकराना से एक और संगमरमर का पिलर पहुंच गया है। अब तक कुल पांच पिलर खंडवा लाए जा चुके हैं। श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए दो पिलरों को अस्थायी रूप से स्थापित किया गया है, जिन्हें बाद में मुख्य मंदिर निर्माण में […]

You May Like