सिंगरौली : सिंगरौली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत शासन में शुक्रवार को विकास कार्यों को नई गति देते हुए विधायक रामनिवास शाह के मुख्य आतिथ्य में कुल 61.61 लाख रुपये की लागत से दो महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन एवं शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की उपस्थिति रही।
भूमिपूजन के दौरान 37.49 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नवीन छठ घाट तथा 24.12 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित पीसीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। बताया गया कि छठ घाट बनने से श्रद्धालुओं को छठ महापर्व सहित अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षित एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वहीं पीसीसी सड़क और नाली निर्माण से जल निकासी व्यवस्था सुदृढ़ होगी, आवागमन सुगम बनेगा तथा क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था में भी सुधार आएगा।
इस अवसर पर विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। सड़क, नाली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और धार्मिक स्थलों के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि सशक्त गांव ही विकसित मध्यप्रदेश और समृद्ध सिंगरौली की आधारशिला हैं।
कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री विक्रम सिंह, जनपद सदस्य किरण भगवान दास साहू, भगवान दास साहू, टूसाखाड़ के सरपंच लाले सरपंच, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष अशोक शाह, अनिल शाह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, ग्रामवासी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सभी ने मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
