
मंदसौर। महान क्रांतिकारियों के लिए समर्पित दशपुर जागृति संगठन एवं धार्मिक उत्सव समिति के संयुक्त तत्वावधान में महान क्रांतिकारी उधम सिंह के बलिदान दिवस पर प्रतिमा स्थल पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष हरिशंकर शर्मा ने कहा कि राष्ट्र बड़े परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। इस समय हमें राष्ट्रविरोधी ताकतों, जो राष्ट्र को कमजोर करती हैं, उन्हें कठोर दंड देने की आवश्यकता है। लेकिन दंड देने वाले लोकसभा, विधानसभा और राज्यसभा के सदन में वे लोग नहीं बैठे हैं जो ईमानदार एवं राष्ट्र के प्रति हृदय से कार्य करने वाले हों; बल्कि आय से अधिक संपत्ति वालों की संख्या सदन में ज्यादा है। इन भ्रष्टाचारियों को बाहर करने पर ही राष्ट्र में परिवर्तन आएगा।
संगठन के संरक्षक रवींद्र पांडे ने कहा कि अभी विधानसभा, राज्यसभा और लोकसभा में बैठे लोगों को इन महान क्रांतिकारियों के बारे में कोई जानकारी नहीं है कि उन्होंने क्या बलिदान दिया था। यह देश का दुर्भाग्य है कि आजादी के 75 साल पूरे होने पर जो राजनेता सदन में जाते हैं, उन्हें देशभक्तों के बारे में पूरी जानकारी भी नहीं है। वे तो वहां जाकर अपना निजी लक्ष्य पूरा करने में लग जाते हैं। लेकिन दशपुर जागृति संगठन शपथ लेता है कि हम अंतिम समय तक संघर्ष करते रहेंगे और राष्ट्र को परम वैभव पर पहुंचाएंगे।
संगठन के संयोजक एवं कार्य-योजना के प्रमुख एडवोकेट सत्येंद्र सिंह सोम ने कहा कि यह देश का दुर्भाग्य है कि आज महान क्रांतिकारी उधम सिंह का बलिदान दिवस है, जिन्होंने जलियांवाला बाग हत्याकांड का बदला अंग्रेज जनरल डायर को उसकी ही भूमि लंदन में जाकर भरी सभा में गोली मारते हुए लिया था और आत्मसमर्पण कर दिया था कि “मैंने अपना काम पूरा कर दिया है, जिसके लिए मैं हर क्षण जिंदा रहा, आज वह काम पूरा हुआ।” ऐसे महान उधम सिंह के लिए राजनेताओं के पास समय नहीं है, और होना भी क्यों है? राष्ट्र की राजनीति अब पवित्र नहीं बची है। अधिकांश राजनेताओं ने राजनीति में आकर करोड़ों-अरबों रुपये की संपत्ति बनाई है, लेकिन उनके पास यह संपत्ति कहां से आई, इसका जवाब कोई नहीं दे सकता। लेकिन 2026 परिवर्तन का समय है, भ्रष्टाचारी सलाखों के पीछे होंगे। उस समय ईमानदारी से कार्य करने वाले लोगों को और महान आत्माओं को शांति मिलेगी। इस दौर के अंदर समस्त क्रांतिकारियों के कार्यों को दशपुर जागृति संगठन स्कूलों से लेकर घर-घर तक पहुंचाएगा, यह संकल्प संगठन लेता है।
इस अवसर पर सुनील बंसल एवं धार्मिक उत्सव समिति के बड़ी संख्या में सदस्य पहुंचे। उन्होंने “उधम सिंह का यह बलिदान याद रखेगा हिंदुस्तान” और “उधम सिंह अमर रहें, अमर रहें” के नारों के साथ पूरे क्षेत्र में उधम सिंह को याद किया। संगठन आने वाले समय में उधम सिंह का कार्यक्रम बड़े स्तर पर करेगा, यह संकल्प लेता है।
