
सरई । देशभर में सहारा इंडिया के निवेशकों का पैसा फंसने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। सिंगरौली जिले की सरई तहसील में शुक्रवार को सैकड़ों पीड़ित परिवारों के साथ सरई के व्यापारी एवं आसपास क्षेत्र के सभी लोग भी शामिल हुए।
बाजार से पैदल रैली निकालकर नारेबाजी करते हुए सभी लोग तहसील कार्यालय और सरई थाना पहुंचे और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। सहारा पीड़ित परिवार बचाओ आंदोलन के बैनर तले जमा हुए लोगों का कहना है कि वर्ष 2010 से 2020 के बीच उन्होंने सहारा क्यू शॉप, सहारा के्रडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी, हमारा इंडिया आदि योजनाओं में जीवनभर की कमाई जमा की थी। कई खातों की परिपक्वता 2-3 साल पहले ही पूरी हो चुकी है, लेकिन आज तक मूलधन तो दूर ब्याज भी नहीं मिला। पीड़ितों ने ज्ञापन में सुप्रीम कोर्ट के आदेश 29 मार्च 2023 और केंद्र सरकार के रिफंड पोर्टल का हवाला देते हुए कहा कि पोर्टल पर आवेदन करने के बाद भी प्रक्रिया लटकी हुई है।आंदोलनकारियों ने राष्ट्रपति, राज्यपाल, केंद्रीय गृह व वित्त मंत्री, मुख्यमंत्री और कलेक्टर सिंगरौली को संबोधित ज्ञापन में मांग की है कि सहारा में फंसा मूलधन ब्याज सहित 25 दिन के अंदर वापस कराया जाए, पीड़ि़तों ने चेतावनी दी है कि यदि 25 अगस्त तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे सरई के शिव मंदिर पर सुबह 10 बजे से अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेंगे।
