खंडवा: जिले के जावर थाना क्षेत्र स्थित हांडीकुंड में उफनती नदी के बीच टापू पर फंसे चार युवकों को करीब साढ़े 10 घंटे तक चले चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू अभियान के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अचानक जलस्तर बढ़ने से चारों युवक चारों ओर से पानी में घिर गए थे, जिसके कारण उनका बाहर निकलना संभव नहीं था। सूचना मिलते ही एसडीईआरएफ, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और पूरी रात राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
रेस्क्यू के दौरान ड्रोन की मदद से युवकों तक लाइफ जैकेट, भोजन और पेयजल पहुंचाया गया तथा लगातार उनसे संपर्क बनाए रखा गया। शुक्रवार तड़के जलस्तर में कमी आने पर एसडीईआरएफ की संयुक्त टीम मोटरबोट के जरिए टापू तक पहुंची और चारों युवकों को सकुशल बाहर निकाल लिया। इस सफल अभियान की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए बचाव दल के साहस और तत्परता की प्रशंसा की।
