इंदौर:परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. मानसिक तनाव से जूझ रही एक बुजुर्ग मां और उसके बेटे ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जिंदगी खत्म कर ली. दोनों बगीचे के पास अचेत हालत में मिले थे. परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन मां बेटे दोनों को बचाया नहीं जा सका.
घटना मंगलवार 28 जुलाई दोपहर की बताई जा रही है. परदेशीपुरा क्षेत्र निवासी 62 वर्षीय इंदिरा बाई और उनके 45 वर्षीय बेटे संजय घर से कुछ दूरी पर स्थित एक बगीचे के पास पहुंचे थे, कुछ देर बाद दोनों वहां अचेत अवस्था में मिले.
राहगीरों और रिश्तेदारों ने उन्हें देखा तो तत्काल परिजनों को सूचना दी और दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने दोनों का उपचार शुरू किया, लेकिन हालत लगातार गंभीर बनी रही. बुधवार दोपहर इलाज के दौरान इंदिरा बाई की मौत हो गई, जबकि देर रात संजय ने भी दम तोड़ दिया. एक साथ मां बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार और क्षेत्र में मातम छा गया. परिजनों के अनुसार दोनों की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं थी. उनका बाणगंगा स्थित मानसिक चिकित्सालय से इलाज भी चल रहा था. शुरुआती जांच में पुलिस आत्महत्या की आशंका से मामले की जांच कर रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा. परदेशीपुरा पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर शवों का पोस्टमार्टम कराया है. पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
मामले में जांच जारी
मां बेटे के जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी मिली थी, दोनों की इलाज के दौरान मौत हो गई है. मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
– एसीपी, हिमानी मिश्रा
