मुरैना: मुरैना जिले में ‘युवा संगम’ के रूप में एक दिवसीय रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप मेला आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन 27 जनवरी को जिला रोजगार कार्यालय परिसर, चम्बल कॉलोनी के पीछे, जिला मुरैना में प्रातः 11 बजे से सायं 3 बजे तक होगा। मेले की खास बात यह है कि एक ही स्थान पर प्रतिष्ठित निजी कंपनियों द्वारा विभिन्न पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। साथ ही जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, मुरैना के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण प्रकरण तैयार कर ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
युवा संगम में सेल्समैन, एग्रीकल्चर, अकाउंटेंट, सुरक्षा गार्ड और ट्रेनी जैसे पदों के लिए चयन की प्रक्रिया होगी। पात्रता 10वीं, 12वीं, आईटीआई, ग्रेजुएट तक रखी गई है, जबकि आयु सीमा 18 से 45 वर्ष तक है। विभिन्न कंपनियों द्वारा 7,500 रुपए से 22,000 रुपए तक वेतन प्रस्तावित है। मेले में शामिल होने वाले युवाओं को समग्र आईडी (अनिवार्य), रोजगार पंजीयन, शैक्षणिक प्रमाण पत्र एवं बायोडाटा साथ लाना अनिवार्य होगा। आयोजन स्थल तक आने-जाने के लिए कोई यात्रा भत्ता देय नहीं रहेगा।
