इटारसी। सर्वब्राह्मण समाज, जिला नर्मदापुरम द्वारा आगामी 18 अप्रैल 2026 को भगवान श्री परशुराम जी का प्राकट्योत्सव भव्यता के साथ मनाया जाएगा। आयोजन की रूपरेखा तैयार करने हेतु इटारसी के कस्तूरबा नगर में सामाजिक बैठक संपन्न हुई, जिसमें आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया गया।
बैठक में पाँच दिवसीय कार्यक्रम हेतु जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं। इस अवसर पर युवाओं ने जनजागरण के लिए भव्य वाहन रैली और विशाल शोभायात्रा निकालने का उत्साह जताया। वरिष्ठजनों ने समाज की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु बहुमूल्य सुझाव दिए। कार्यक्रम में नर्मदापुरम से पं. पीयूष शर्मा, जिलाध्यक्ष जितेंद्र ओझा और परशुराम सेना के प्रकाश दुबे सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बैठक का संचालन शैलेंद्र दुबे ने किया। अंत में सभी ने एकजुट होकर इस जन्मोत्सव को अनुकरणीय बनाने का संकल्प लिया।
