जयपुर, 31 दिसंबर (वार्ता) सरफराज खान (157) की तूफानी शतकीय, मुशीर खान (60) और हार्दिक तामोरे (53) की अर्धशतकीय पारियों के बाद शार्दुल ठाकुर (तीन विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत मुंबई ने बुधवार को एलीट ग्रुप सी मुकाबले में गोवा को 87 रनों से शिकस्त दी।
444 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोवा की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने अपने चार विकेट 120 के स्कोर तक गंवा दिये। अर्जुन तेंदुलकर (24), कश्यप बखाले (21), स्नेहल कौथनकर (27) और सुयश प्रभुदेसाई (31) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद मध्यम क्रम के बल्लेबाज ललित यादव और अभिनव तेजराणा ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए टीम को संभालने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों के बीच पांचवें विकेट लिए 113 रनों की साझेदारी हुई। 40वें ओवर में सिल्वेस्टर डिसूजा ने ललित यादव को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। ललित यादव ने 66 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 64 रनों की पारी खेली।
गोवा का छठा विकेट अभिनव तेजराणा के रूप में गिरा। अभिनव तेजराणा ने 70 गेंदों में पांच चौके और आठ छक्के उड़ाते हुए 100 रन बनाये। इसके बाद 48वें ओवर में शार्दुल ठाकुर ने राजाशेखर हरिकांत (आठ) और दर्शन मिसाल (एक) को अपना शिकार बना लिया। 50वें ओवर में कप्तान दीपराज गांवकर नौवें विकेट के रूप में आउट हुये। गोवा की टीम निर्धारित 50 ओवरों में नौ विकेट पर 357 रन ही बना सकी और 87 रनों से मुकाबला हार गई।
मुंबई के लिए शार्दुल ठाकुर ने तीन विकेट लिये। यशस्वी जायसवाल ने गोवा के दो महत्वूपर्ण विकेट झटके। तुषार देशपांडे, मुशीर खान और सिल्वेस्टर डिसूजा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले आज यहां गोवा ने टॉस जीतकर मुंबई के खिलाफ पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने आठवें ओवर में 31 के स्कोर पर सलामी बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी (11) का विकेट गंवा दिया। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आये मुशीर खान ने यशस्वी जायसवाल के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 70 रनों की साझेदारी हुई। 21वें ओवर में दर्शन मिसाल ने यशस्वी जायसवाल को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। यशस्वी जायसवाल ने 64 गेंदों में छह चौके लगाते हुए 46 रन बनाये।
इसके बाद बल्लेबाजी करने आये सरफराज खान ने मुशीर खान के साथ विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए तेजी के साथ रन बटोरे। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 93 रन जोड़े। 31वें ओवर में दीपराज गांवकर ने मुशीर खान को अपना शिकार बनाकर इस साझेदारी का अंत किया। मुशीर खान ने 66 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 60 रनों की पारी खेली।
इसके बाद सिद्धेश लाड (17) और कप्तान शार्दुल ठाकुर (27) को ललित यादव ने आउट किया। इसी दौरान सरफराज खान ने मात्र 56 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। 42वें ओवर में दर्शन मिसाल ने सरफराज खान को आउट कर रनों पर रोक लगाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सरफराज खान ने 75 गेंदों में 14 छक्के और नौ चौके लगाते हुए 157 रनों की विस्फोटक पारी खेली। शम्स मुलानी 22 रन बनाकर आउट हुये। हार्दिक तामोरे ने 28 गेंदों में छह चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 53 रन बनाये। मुम्बई ने निर्धारित 50 ओवरों में आठ विकेट पर 444 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। तनुष कोटियान 12 गेंदों में 23 रन बनाकर नाबाद रहे।
गोवा के लिए दर्शन मिसाल ने तीन विकेट लिये। वासुकी कौशिक और ललित यादव को दो-दो विकेट मिले। दीपराज गांवकर ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
