
सलामतपुर। एक बार फिर नरवाई की आग खेत में लगने से अफरा तफरी मच गई। वो तो गनीमत रही कि समय रहते सलामतपुर पुलिस और सांची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया। वरना बड़ा हादसा होने का अंदेशा था। पूरा मामला सलामतपुर थाने के बड़ौदा गांव का है जहां पर कमलेश पाल के खेत की नरवाई में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली की किसान के घर और भूसे के ढेर तक पहुंचने वाली थी। किसान कमलेश पाल से तत्काल डायल 112 पर फोन लगाकर पुलिस से मदद मांगी। थाने से राहुल रघुवंशी ने सांची फायर स्टेशन पर आगजनी की सूचना दी और खुद भी मौके पर पहुंच गए। फायर ब्रिगेड और पुलिस ने आग को किसान के घर तक पहुंचने से पहले ही बुझा दिया वरना बड़ा हादसा होने की संभावना थी।
प्रतिबंध के बाद भी नरवाई में लगा रहे हैं आग–
17 मार्च को जिले में जनसामान्य के हित, सार्वजनिक सम्पत्ति, पर्यावरण एवं लोक व्यवस्था को बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अरूण कुमार विश्वकर्मा के निर्देशानुसार अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी मनोज उपाध्याय द्वारा सम्पूर्ण जिले की भौगोलिक सीमा में खेत में खड़े गेहूॅ के डंठलों (नरवाई) में आग लगाने पर तत्काल प्रभाव से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 अंतर्गत धारा 163 के तहत तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया गया है। यह प्रतिबंध 17 मार्च से लेकर आगामी दो माह तक जिले की सम्पूर्ण राजस्व सीमा में प्रभावशील रहेगा। जबकि इस आदेश का उल्लंघन करने पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत दंडनीय होगा फिर भी नरवाई में आग लगाने की घटनाएं कम नही हो रही है।
इनका कहना है।
बड़ौदा गांव में आगजनी की सूचना मिलते ही थाने से अमला मौके पर पहुंचा और फायर ब्रिगेड की मदद से समय रहते आग पर काबू पा लिया। वरना बड़ा हादसा होने की संभावना थी।
दिनेश सिंह रघुवंशी, थाना प्रभारी सलामतपुर।
