
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल में यात्रियों की सुरक्षा के प्रति सतर्कता का एक और उदाहरण सामने आया। ट्रेन संख्या 22407 अम्बिकापुर–हजरत निजामुद्दीन सुपरफास्ट एक्सप्रेस में टिकट जांच के दौरान मुख्य टिकट निरीक्षक (सीटीआई) राजेन्द्र प्रसाद को लगभग 8 वर्षीय एक बालक अकेली एवं असहाय अवस्था में मिला। पूछताछ में बालक ने अपना नाम पियूष सेन तथा निवास कटनी बताया। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना तत्काल वाणिज्य नियंत्रक कार्यालय, जबलपुर को दी गई, जिसके बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपी और स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य), दमोह को तत्काल अलर्ट किया गया। समन्वित कार्रवाई के तहत बालक को सुरक्षित संरक्षण में लेकर दमोह स्टेशन पर आरपीएफ के आर.के. अहीरवाल को नियमानुसार सुपुर्द किया गया। इस दौरान जीआरपी एवं स्टेशन प्रबंधक भी मौजूद रहे। इसके बाद बालक के परिजनों का पता लगाकर उसे सकुशल सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
