
सौंसर, गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर चमत्कारिक श्री हनुमान मंदिर (हनुमान लोक), जामसांवली धाम में दर्शन-पूजन के लिए उमड़े जनसैलाब की सुरक्षित और सुगम वापसी को लेकर रेलवे प्रशासन एवं मंदिर संस्थान द्वारा सौंसर स्टेशन पर चाक-चौबंद इंतजाम किए गए। मंगलवार से शुरू हुआ श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला गुरुवार सुबह वापसी के साथ संपन्न हुआ। स्टेशन पर भारी भीड़ के बावजूद दोनों प्रशासनों के बेहतर समन्वय से आवागमन पूरी तरह सुचारु एवं सुरक्षित रहा।
*वरिष्ठ अधिकारियों और पदाधिकारियों का रहा सराहनीय योगदान-*
श्रद्धालुओं की यात्रा को सुविधाजनक बनाने में हनुमान लोक संस्थान के अध्यक्ष गोपाल शर्मा, सचिव टीकाराम कारोकर, पूर्व ZRUCC सदस्य विजय धवले, अतिरिक्त मंडल वाणिज्य प्रबंधक अरविंद कुमार, वाणिज्य निरीक्षक सुजीत कुमार, स्टेशन प्रबंधक के.पी. यादव तथा RPF निरीक्षक जय सिंह सहित रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों और RPF जवानों की मुख्य भूमिका रही।
*ऐसी रही प्रमुख व्यवस्थाएँ एवं सेवाएँ-*
मंदिर संस्थान द्वारा सौंसर रेलवे स्टेशन से जामसांवली धाम तक और वापसी के लिए निरंतर निःशुल्क बसें चलाई गईं, जिससे हजारों श्रद्धालुओं को राहत मिली। इसके अलावा भीड़ को देखते हुए स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट काउंटर, UTS-सह-PRS काउंटर, ATVM मशीनें और मोबाइल टैब के जरिए टिकट बांटे गए, जिससे श्रद्धालुओं को लंबी कतारों से मुक्ति मिली।इसी तरह सुरक्षा को लेकर RPF जवानों ने प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज और प्रवेश द्वारों पर मुस्तैदी से भीड़ को नियंत्रित कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित ट्रेनों में बैठाया। साथ ही प्रबंधन ने स्टेशन परिसर में स्वच्छ पेयजल, शौचालयों की उपलब्धता और निरंतर सफाई की विशेष व्यवस्था की।
