इंदौर:शहर में अवैध हथियारों का सौदा करने पहुंचे दो तस्करों को क्राइम ब्रांच ने बुधवार को रिजनल पार्क रोड से गिरफ्तार किया. आरोपियों के कब्जे से चार देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक स्विफ्ट कार और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि हथियार कहां से लाए गए थे और इन्हें किसे बेचने की तैयारी थी.
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक वृंदावन गार्डन के सामने स्विफ्ट कार एमपी ०९ आर ३२३४ में हथियार लेकर बैठे हैं. टीम ने घेराबंदी कर कार की तलाशी ली तो डैशबोर्ड में रखी थैली से चार देशी पिस्टल, चार मैगजीन और चार जिंदा कारतूस मिले. इसके बाद दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुमास्ता नगर में रहने वाले ५१ वर्षीय परसराम उर्फ परसिया श्रीवास्तव और चंदननगर में रहने वाले २४ वर्षीय सोहेल उर्फ बलबली पटेल के रूप में हुई है.
पुलिस ने दोनों के कब्जे से हथियारों के अलावा स्विफ्ट कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं. जब्त हथियारों की कीमत करीब एक लाख रुपए बताई जा रही है. प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी शहर में हथियार खपाने की फिराक में थे. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इनके तार किन लोगों से जुड़े हैं और इससे पहले इन्होंने कहां कहां हथियारों की सप्लाई की है, मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच जारी है.
गिरफ्तार आरोपी परसराम उर्फ परसिया श्रीवास्तव और सोहेल उर्फ बलबली पटेल का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है. दोनों के खिलाफ विभिन्न थानों में दर्जनभर से अधिक अपराध दर्ज हैं. पुलिस अब उनके पुराने मामलों की जानकारी जुटाने के साथ ही यह भी पता लगा रही है कि अवैध हथियारों के कारोबार में उनकी भूमिका कब से है और इनके संपर्क में कौन कौन लोग हैं.
सख्त कार्रवाई की जाएगी…
अवैध हथियारों की तस्करी में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनके कब्जे से चार देशी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।. पूछताछ में हथियारों के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है. अवैध हथियारों के कारोबार में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
