
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल ने रेल परिचालन को और अधिक सुरक्षित एवं विश्वसनीय बनाने की दिशा में अत्याधुनिक हॉट एक्सल बॉक्स डिटेक्टर प्रणाली के विस्तार की तैयारी तेज कर दी है। मंडल रेल प्रबंधक एवं पश्चिम मध्य रेल के प्रधान मुख्य यांत्रिक अभियंता के मार्गदर्शन में यांत्रिक विभाग द्वारा इस आधुनिक तकनीक का चरणबद्ध क्रियान्वयन किया जा रहा है। वर्तमान में मंडल के नौ महत्वपूर्ण स्थानों पर यह प्रणाली सफलतापूर्वक कार्यरत है, जबकि इसके सकारात्मक परिणामों को देखते हुए 50 अतिरिक्त संभावित स्थानों पर भी इसे स्थापित करने की योजना बनाई गई है।
यह एक सेंसर आधारित अत्याधुनिक तकनीक है, जो गतिमान ट्रेनों के एक्सल बॉक्स (बेयरिंग) के तापमान की लगातार निगरानी करती है। यदि किसी बेयरिंग का तापमान सामान्य से अधिक होता है तो यह प्रणाली तुरंत नियंत्रण कक्ष को रीयल-टाइम अलर्ट भेजती है, जिससे समय रहते तकनीकी कार्रवाई कर संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। अब तक इस प्रणाली के जरिए 28 हॉट एक्सल मामलों का समय पर पता लगाया जा चुका है, जिससे कई संभावित रेल हादसों को टालने में सफलता मिली है।
एक महत्वपूर्ण कदम
रेल अधिकारियों के अनुसार यह तकनीक बिना ट्रेन रोके और तेज गति के दौरान भी प्रभावी निगरानी करने में सक्षम है। इससे मैनुअल निरीक्षण पर निर्भरता कम होती है और मानवीय त्रुटियों की संभावना भी घटती है। पश्चिम मध्य रेलवे का कहना है कि आधुनिक तकनीक के अधिकाधिक उपयोग के माध्यम से यात्रियों को सुरक्षित, संरक्षित और निर्बाध रेल यात्रा उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिसमें प्रणाली का विस्तार एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
