मुंबई, 29 जुलाई (वार्ता) जिंस बाजार प्लेटफार्म एनसीडीईएक्स लि. ने ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में म्युचुअल फंड निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ” एनसीडीईएक्स निधि’ नामक से नयी पीढ़ी का म्यूचुअल फंड बाजार मंच शुरू किया है।
एनसीडीएक्स की बुधवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार निधि के शुभारंभ के अवसर पर यहां आयोजित भव्य कार्यक्रम में सेबी (सेबी) के पूर्णकालिक सदस्य अमरजीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
कंपनी ने कहा है कि इस प्लेटफॉर्म को खासतौर पर पहली बार निवेश करने वाले निवेशकों और वितरकों (डिस्ट्रिब्यूटर्स) को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है जिस पर निवेशकों को जुड़ने, लेन-देन करने, अपने निवेश निगरानी और उसको भुनाने जैसी सभी सेवाएं एक सुरक्षित और आधुनिक डिजिटल मंच पर उपलब्ध कराएगा।
एनसीडीईएक्स का कहना है कि किसानों, व्यापारियों और किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के बीच पिछले दो दशकों में विकसित उसके मजबूत नेटवर्क की बदौलत ‘निधि’ लाखों ऐसे लोगों तक म्युचुअल फंड निवेश की सुविधा पहुंचाएगा, जिन्हें अब तक औपचारिक निवेश सेवाओं का पर्याप्त लाभ नहीं मिल पाया है। नेशनल कमोडिटी क्लियरिंग लिमिटेड इस प्लेटफॉर्म के लिए क्लियरिंग और सेटलमेंट सेवाएं उपलब्ध कराएगी। वह यूपीआई, नेट बैंकिंग, ई-नाच और ऑटो पे के जरिए फंड कलेक्शन, भुगतान सत्यापन, फंड मैपिंग, यूनिट सेटलमेंट (सब्सक्रिप्शन, रिडेम्प्शन और स्विच) तथा रिफंड प्रक्रिया का संचालन करेगी।
एनसीडीईएक्स के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. अरुण रास्ते ने कहा कि ‘निधि’ प्लेटफॉर्म से ऐसी जगहों के लाखों नए निवेशकों को भी म्यूचुअल फंड में निवेश का अवसर मिलेगा जो बड़े मझोले शहरों से बाहर हैं।
इस प्लेटफार्म के लिए म्युचुअल फंड योजनाओं की यूनिटें खरीदने-बेचने वाले निवेशकों को प्रत्येक निवेशक की सहमति और ऑर्डर का समय दर्ज होगा, जिससे एनएवी (एनएवी) निर्धारण में पारदर्शिता बनी रहेगी, सभी प्रमुख यूपीआई ऐप्स के माध्यम से एसआईपी ऑटोपे आसानी से सक्रिय किया जा सकेगा तथा केवाईसी, बैंक सत्यापन, ऑर्डर और अन्य प्रक्रियाओं में किसी भी विफलता का स्पष्ट कारण बताया जाएगा, जिससे समस्याओं का तेजी से समाधान हो सकेगा।
