
नीमच। रामपुरा से मनासा की ओर जा रही जय श्री गणेश बस बुधवार को रामपुरा-मनासा मार्ग पर अचानक अनियंत्रित होकर सडक़ से नीचे उतर गई। हादसे के समय बस में कई यात्री सवार थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज गति से चल रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस सडक़ से नीचे उतर गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर तत्काल मौके पर पहुंचे तथा यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी एवं पुलिस मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
