चितरंगी: थाना क्षेत्र अंतर्गत नौगई पहाड़ के अंधा मोड़ पर बुधवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। परिवार सर्पदंश से पीड़ित युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चितरंगी लेकर जा रहा था, तभी रास्ते में उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर लगभग 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार, तहसील दुधमनिया क्षेत्र के ग्राम पोड़ी तृतीय निवासी प्रदीप पनिका (25 वर्ष) पिता श्रीलाल पनिका बुधवार सुबह अपने घर में मवेशियों के लिए भूसा निकाल रहा था। इसी दौरान उसे जहरीले सर्प ने काट लिया। परिजन तत्काल प्रदीप को मोटरसाइकिल से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चितरंगी लेकर रवाना हुए। बाइक पर प्रदीप के साथ उसके पिता श्रीलाल पनिका और माता इन्द्रकाली भी सवार थीं।
बताया जाता है कि नौगई के जंगल स्थित अंधा मोड़ पर मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि श्रीलाल पनिका की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि सर्पदंश से पीड़ित प्रदीप पनिका ने अस्पताल पहुंचने के बाद उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल इन्द्रकाली को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। समाचार लिखे जाने तक उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। एक ही परिवार पर अचानक टूटी इस दोहरी त्रासदी ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया।
