
भोपाल। आगर-मालवा जिले की सुसनेर विधानसभा क्षेत्र से कथावाचक पंडित मोहित नागर शुक्रवार को अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए। उन्होंने प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया की उपस्थिति में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
नवप्रवेशी साथियों का पीसीसी में स्वागत करते हुए पटवारी ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा “वसुधैव कुटुंबकम” पर आधारित है, जो आपसी सद्भाव, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि पार्टी समाज में करुणा और समरसता स्थापित करने के लिए कार्य करती है।
इस अवसर पर पंडित मोहित नागर ने कहा कि धर्म की बात करना और धर्म का पालन करना अलग-अलग बातें हैं। उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस की विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुए हैं, क्योंकि कांग्रेस जो कहती है, उसे निभाने का प्रयास करती है। उन्होंने भाजपा पर धर्म के नाम पर समाज को बांटने का आरोप लगाया और कहा कि उनका उद्देश्य लोगों में जागरूकता और सद्भाव फैलाना है।
मीडिया से चर्चा करते हुए पटवारी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पिछले 25 वर्षों में आदिवासी समुदाय के साथ लगातार अन्याय हुआ है। उन्होंने कहा कि सत्ता और प्रशासन की मिलीभगत से आदिवासियों की जमीनें छीनी गई हैं, जो संविधान की मूल भावना के खिलाफ है।
उन्होंने बढ़ती बेरोजगारी, अधूरी कल्याणकारी योजनाओं और शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं के गिरते स्तर पर भी चिंता जताई। “लाड़ली बहना” योजना पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि लाभ सीमित किया जा रहा है और सरकार जनहित के मुद्दों से दूर भाग रही है।
