जामसावली हनुमान जन्मोत्सव: प्रभारी मंत्री तोमर ने तैयारियों का लिया जायजा, उमड़ेगा आस्था का सैलाब

सौसर। विश्वविख्यात चमत्कारिक श्री हनुमान मंदिर जामसावली में आगामी हनुमान जन्मोत्सव को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। गुरुवार को प्रदेश के ऊर्जा एवं जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने जामसावली पहुंचकर पूजा-अर्चना की और मंदिर परिसर में प्रसादम सेवा ग्रहण की। इसके पश्चात उन्होंने आगामी 26 मार्च से 2 अप्रैल तक आयोजित होने वाले भव्य जन्मोत्सव कार्यक्रमों की प्रशासनिक एवं जमीनी तैयारियों का सघन निरीक्षण किया।

व्यवस्थाओं का निरीक्षण और दिशा-निर्देश

​प्रभारी मंत्री श्री तोमर ने मंदिर परिसर में सभामंडप, श्रद्धालुओं की बैठक व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, पार्किंग और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए समय रहते सभी सुविधाओं को स्थापित किया जाएं।

निरीक्षण के दौरान यह रहे उपस्थित

प्रभारी मंत्री के साथ इस दौरान प्रमुख रूप से ​पूर्व मंत्री नानाभाऊ मोहोड,​कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ,​पुलिस अधीक्षक सुंदर सिंह कनेश,​जिला भाजपा अध्यक्ष संदीप मोहोड,एसडीएम सिद्धार्थ पटेल, ट्रस्टी अजय धवले एवं अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे।

देश-विदेश के विख्यात संत होंगे शामिल

​मंदिर संस्थान के अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने बताया कि इस वर्ष का जन्मोत्सव ‘भक्ति के महासागर’ के रूप में आयोजित होगा। कार्यक्रम की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें देश के प्रख्यात धर्मगुरु और कलाकार शिरकत करेंगे।

उत्सव के प्रमुख आकर्षण

28 मार्च को आध्यात्मिक प्रबोधन में गुरुदेव विवेक महाराज द्वारा श्री हनुमत चरित्र पर व्याख्यान। इसी तरह 29 मार्च को श्रीराम कथा, जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज के मुखारविंद से दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक 31 मार्च को सामूहिक सुंदरकांड संत रसराज महाराज के सान्निध्य में 11 हजार श्रद्धालु करेंगे पाठ और 1 अप्रैल को भजन संध्या में सुप्रसिद्ध भजन गायिका स्वस्ति मेहुल द्वारा शानदार प्रस्तुति दी जाएगी।

दिव्य और भव्य आयोजन की तैयारी

​अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने ‘नवभारत’ से चर्चा में कहा कि प्रशासन और मंदिर समिति समन्वय के साथ काम कर रहे हैं। इस आयोजन का उद्देश्य आस्था और आध्यात्म का ऐसा अद्भुत संगम तैयार करना है जो श्रद्धालुओं के लिए जीवन भर का अविस्मरणीय अनुभव रहेगा।

Next Post

इंदौर में कांग्रेस ने 77 ब्लॉक अध्यक्ष किए नियुक्त

Fri Mar 20 , 2026
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर पार्टी ने संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने के उद्देश्य से इंदौर शहर जिला कांग्रेस कार्यकारिणी के साथ 77 ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति की है। जानकारी देते हुए संगठन महासचिव डॉ. संजय कामले ने बताया कि इन नियुक्तियों का […]

You May Like