सीहोर: सीहोर के शासकीय विधि महाविद्यालय के छात्र उमेश पंसारी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। डॉ. राजेन्द्र प्रसाद राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कुलगीत लेखन प्रतियोगिता में उमेश द्वारा रचित कुलगीत को आधिकारिक रूप से विश्वविद्यालय का कुलगीत घोषित किया गया है।देशभर से प्राप्त प्रविष्टियों में से चयनित इस रचना ने निर्णायक मंडल को प्रभावित किया।
विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस समारोह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस मनोज कुमार गुप्ता तथा विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. ऊषा टंडन ने उमेश पंसारी को प्रशस्ति पत्र और 50 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान कर सम्मानित किया।इस अवसर पर उमेश ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों और परिवार को देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने आगे भी विधिक शिक्षा, साहित्य सृजन और सामाजिक कार्यों में सक्रिय योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया।सीहोर जिले के लिए यह गौरव का विषय है कि यहां के छात्र ने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाकर जिले का नाम रोशन किया है।
