हरदा: हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने जिले में बढ़ते मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर चिंता जताते हुए पुलिस महानिदेशक भोपाल, पुलिस महानिरीक्षक नर्मदापुरम, कलेक्टर हरदा एवं पुलिस अधीक्षक हरदा को पत्र लिखकर नशे के कारोबार के मुख्य सरगनाओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
डॉ. दोगने ने कहा कि पुलिस द्वारा समय-समय पर मादक पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, जो सराहनीय है, लेकिन अधिकांश मामलों में केवल छोटे स्तर के विक्रेता ही पकड़ में आते हैं। उन्होंने कहा कि नशे के इस अवैध कारोबार की वास्तविक जड़ तक पहुंचना और इसके पीछे सक्रिय मुख्य तस्करों एवं सरगनाओं को गिरफ्तार करना आवश्यक है।
उन्होंने प्रशासन और पुलिस से मांग की कि जिले में मादक पदार्थों की आपूर्ति के स्रोतों की पहचान की जाए, यह पता लगाया जाए कि नशीले पदार्थ कहां से आ रहे हैं, उनके परिवहन एवं वितरण का नेटवर्क कौन संचालित कर रहा है और किन माध्यमों से यह युवाओं तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि केवल छोटे विक्रेताओं पर कार्रवाई करने से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है।
विधायक ने विशेष अभियान चलाकर पूरे नेटवर्क का खुलासा करने, मुख्य आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने तथा जिले में मादक पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।
डॉ. दोगने ने कहा कि नशे का कारोबार युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है और समाज के लिए बड़ी चुनौती है। इसलिए प्रशासन और पुलिस को समन्वित रूप से कार्य करते हुए इस अवैध कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए प्रभावी एवं ठोस कदम उठाने चाहिए।
