देवसर :देवसर मुख्यालय में वर्षों से राष्ट्रीय राजमार्ग 39 और मुख्य बाजार पर फैले अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर सोमवार को राजस्व, पुलिस और ग्राम पंचायत की संयुक्त टीम ने पूरे बाजार क्षेत्र का पैदल निरीक्षण कर स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण का चिन्हांकन किया।
कार्रवाई के दौरान एक-एक अतिक्रमणकारी को नोटिस जारी करते हुए 31 जुलाई तक स्वयं कब्जा हटाने का अंतिम अवसर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि तय समय के बाद बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण हटाए जाएंगे। एसडीएम सौरभ मिश्रा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान तहसीलदार साक्षी गौतम, राजस्व निरीक्षक बृजेन्द्र पांडेय, पटवारी अनुभव त्रिपाठी, कुलदीप मिश्रा, ग्राम पंचायत के पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सड़क किनारे बनी दुकानों, ठेलों, फुटपाथों पर कब्जों और शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण का मौके पर चिन्हांकन किया। बताया गया कि ग्राम पंचायत नौढ़िया आबाद ने पहले ही प्रशासन को पत्र लिख चुका है।
अतिक्रमणकारियों को 31 जुलाई तक की मोहलत
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने दो टूक शब्दों में कहा कि 31 जुलाई के बाद किसी भी प्रकार की मोहलत नहीं दी जाएगी। जो लोग स्वयं कब्जा नहीं हटाएंगे, उनके विरुद्ध बुलडोजर से कार्रवाई की जाएगी तथा शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा और राष्ट्रीय राजमार्ग पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। इधर नोटिस जारी होने के बाद बाजार में हलचल तेज हो गई है। कुछ अतिक्रमणकारी राजनीतिक संरक्षण का दावा करते नजर आए, लेकिन प्रशासन ने संकेत दे दिए हैं कि अभियान में किसी भी प्रकार का दबाव या सिफारिश स्वीकार नहीं होगी। अब सभी की निगाहें 31 जुलाई के बाद प्रस्तावित बुलडोजर कार्रवाई पर टिकी हैं।
