तेल अवीव, 27 जुलाई (वार्ता) इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अमेरिका के अपने दौरे के लिए सोमवार को रवाना हो गये।
श्री नेतन्याहू ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि वह अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करने के लिए रवाना हो गये हैं। उन्होंने कहा कि श्री ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के दौरान यह उनकी आठवीं मुलाकात होगी, जो किसी भी अन्य अंतरराष्ट्रीय नेता की तुलना में सबसे अधिक है। उन्होंने इसे एक बड़ा सम्मान और बड़ी जिम्मेदारी बताया।
इजरायल के प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बैठक में दोनों नेताओं के बीच ईरान सहित सभी प्रमुख मुद्दों पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा, “ हमारा लक्ष्य स्पष्ट है- इजरायल की सुरक्षा की रक्षा करना, उसकी शक्ति को मजबूत करना और हमारे आसपास शांति के दायरे का विस्तार करना।”
श्री नेतन्याहू ने यह भी बताया कि इस यात्रा के दौरान वह दिवंगत अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम को श्रद्धांजलि देंगे। उन्होंने लिंडसे ग्राहम को इजरायल के सर्वकालिक सबसे महान मित्रों में से एक बताया।
इजरायल के प्रधानमंत्री ने कहा, “ मुझे यकीन है कि ऐसा करके मैं सभी इजरायली नागरिकों की भावनाओं का प्रतिनिधित्व कर रहा हूं। ईश्वर की मदद से, हम काम करेंगे और सफल होंगे।” भारत.श्रवण
नेतन्याहू अमेरिका के दौरे पर रवाना हुए, कहा ट्रंप से करेंगे मुलाकात
