फतेहपुर , 27 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश में फतेहपुर जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र में प्रयागराज भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) की टीम ने सोमवार को स्थानीय निधि लेखा परीक्षा विभाग के वरिष्ठ लेखा परीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि फतेहपुर के नई बस्ती चौड़ाखरे निवासी अभय प्रताप सिंह ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन से शिकायत की थी कि बुढ़वन इंटर कॉलेज की भूमि अधिग्रहण से मिली धनराशि से कराए गए निर्माण कार्य के ऑडिट में रिपोर्ट लगाने के लिए वरिष्ठ लेखा परीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह 1.60 लाख रुपये की रिश्वत मांगी हैं। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद प्रयागराज एंटी करप्शन की 13 सदस्यीय ट्रैप टीम ने सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के सामने आबूनगर स्थित समर चाय भंडार के पास जाल बिछाकर पहली किस्त के रूप में एक लाख रुपये लेते ही टीम ने आरोपी को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान मूलरूप से रायबरेली के राना नगर निवासी रविंद्र प्रताप सिंह के रूप में हुई , जो वर्तमान में स्थानीय निधि लेखा परीक्षा विभाग ,फतेहपुर में वरिष्ठ लेखा परीक्षक के पद पर तैनात है। आरोपी के खिलाफ फतेहपुर कोतवाली नगर थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
