
सीधी। गुलाब सागर महान परियोजना की नहर टूटने से दर्जनों किसान प्रभावित हैं। अल्पवर्षा से जहां एक ओर किसानों की खेती-किसानी का कार्य प्रभावित है वहीं नौसा-बेल्दह के बीच महान परियोजना की मुख्य नहर के टूटने से दर्जनों किसानों के खेतों में लबालब पानी भर जाने से वह बोनी का कार्य नहीं कर पा रहे हैं। करीब 20 एकड़ क्षेत्रफल में मुख्य नहर के टूटने से पानी खेतों में भरा हुआ है। बताया गया है कि जिस स्थान पर करीब माह भर पहले मुख्य नहर टूटी है वहां पहले से ही सीपेज बना हुआ था। जिसका सुधार कार्य न होने के कारण आखिर मुख्य नहर इस स्थान पर पूरी तरह से टूट गई। नहर के टूटने से आगे पानी का जाना भी बंद हो गया है। जिससे सैकड़ों किसानों के खेतों में पानी नहीं पहुंचने से खरीफ सीजन में धान की फसल की बोनी कार्य प्रभावित है।
