इंदौर को मिली बड़ी सौगात, लवकुश फ्लाई ओवर की पहली लाइन शुरू

इंदौर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को इंदौर के बहुप्रतीक्षित लवकुश लेवल-2 डबल लेयर फ्लाईओवर की एक लेन का लोकार्पण कर उसे यातायात के लिए खोल दिया.उज्जैन की ओर से अरविंदो अस्पताल से मारीमाता की दिशा में शुरू हुई इस लेन के चालू होने से इंदौर-उज्जैन मार्ग पर यातायात अधिक सुगम, सुरक्षित और तेज होगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखकर तैयार की गई लगभग 175 करोड़ रुपये की यह परियोजना विकसित इंदौर और विकसित मध्यप्रदेश की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है.

इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित 1450 मीटर लंबे इस फ्लाईओवर की विशेषता इसकी त्रिस्तरीय यातायात व्यवस्था है. पहले स्तर पर सामान्य यातायात, दूसरे स्तर पर वर्तमान फ्लाईओवर और मेट्रो कॉरिडोर तथा तीसरे स्तर पर नया डबल लेयर फ्लाईओवर संचालित होगा. परियोजना में 22 मीटर ऊंचाई पर 65 मीटर लंबे और 24 मीटर चौड़े स्पान पर दो 400-400 टन वजनी स्टील बो-स्टि्रंग गर्डर लगाए गए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे यात्रा समय कम होगा, ईंधन की बचत होगी और जाम से राहत मिलेगी. दूसरी लेन का निर्माण भी अंतिम चरण में है.

यूसीसी का समर्थन
इंदौर आगमन पर एयरपोर्ट पर विभिन्न धर्मों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर समान नागरिक संहिता यूसीसी का समर्थन किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि यूसीसी का उद्देश्य सभी नागरिकों को समान अधिकार और समान न्याय प्रदान करना है तथा यह संविधान की मूल भावना के अनुरूप सामाजिक समरसता और समानता को मजबूत करेगा.

आजाद की जयंती पर श्रद्धांजलि
इस अवसर पर अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका त्याग, साहस और बलिदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश समान अवसर और समान कानून के उस संकल्प को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जिसके लिए स्वतंत्रता सेनानियों ने संघर्ष किया था।

Next Post

एक सप्ताह भी नहीं टिक सकी सड़क

Fri Jul 24 , 2026
इंदौर: राऊ मार्ग स्थित रेती मंडी ओवरब्रिज के नीचे हाल ही में बनाई गई सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. सड़क बनने के महज एक सप्ताह के भीतर ही उखड़ने लगी. पहली ही बारिश में सड़क की परत बह गई और जगह-जगह गड्ढे बन गए, […]

You May Like