
भोपाल। राजधानी में इब्राहिम पुरा क्षेत्र कोतवाली के सामने बुधवार गुरुवार की दरमियानी रात को एक जर्जर मकान का छज्जा गिर गया. यह हादसा रात्रि में हो रही तेज बारिश के कारण हुआ. इस घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया. यह मकान 90 साल पुराना बताया जाता है. घटना के समय मकान में महिलाओं और बच्चों सहित आधा दर्जन से अधिक लोग मौजूद थे. वहीं एक युवक छज्जे पर खड़ा था, जो छज्जा गिरने के साथ नीचे आ गिरा. घायल युवक को स्थानीय लोगों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया. गनीमत रही कि इस घटना में बड़ी जनहानि नहीं हुई. लगातार बारिश और मकान के जर्जर हो जाने के कारण छज्जा कमजोर पड़ गया था, जिससे यह हादसा हुआ.
