धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराएं मूलभूत सुविधाएं-भजनलाल

जयपुर, 23 जुलाई (वार्ता) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने तथा प्रगतिरत विकास कार्यों को समय पर पूर्ण करने और नये विकास कार्यों की निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

श्री शर्मा ने यहां प्रदेश के प्रमुख आस्था धामों के विकास कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय में राजस्थान धरोहर प्राधिकरण की बैठक में कहा कि श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाये। उन्होंने राजस्थान धरोहर प्राधिकरण एवं अजमेर विकास प्राधिकरण को समन्वय के साथ ब्रह्मा मंदिर कॉरिडोर, सरोवर परिक्रमा मार्ग एवं घाटों के विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने देवस्थान विभाग को प्रथम चरण के तहत तनोट माता मंदिर से जुड़े विकास कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने के भी निर्देश दिये।

उन्होेंने कहा कि पूंछरी का लौठा में चल रहे विकास कार्यों में तेजी लायी जाये। उन्होंने डीग जिला कलक्टर को गुरु पूर्णिमा मेले की सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि परिक्रमा मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए विश्राम स्थल, बिजली, पानी सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाये।

उन्होंने कहा कि खाटू श्याम जी मंदिर एवं आस-पास के क्षेत्र में प्राथमिकता के आधार पर सौन्दर्यीकरण और विकास कार्य करवाएं तथा वाहनों एवं श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए सड़कों के निर्माण की कार्ययोजना भी बनायी जाये। उन्होंने मुख्य सचिव को इन सभी कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिये। उन्होंने बेणेश्वर धाम में स्टैच्यू, धर्मशाला, रसोई घर के निर्माण एवं घाटों के विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिये।

श्री शर्मा ने रामदेवरा मेले की तैयारियों का फीडबैक लिया तथा जैसलमेर जिला कलक्टर को श्रद्धालुओं के लिए आश्रय स्थल सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले पदयात्रियों के लिए सभी मार्गों में आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाये।

उन्होंने प्रदेश के सभी पैनोरमाओं के संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही, कहा कि ये हमारी धरोहर हैं, इसलिए इनका उचित रखरखाव करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्कूल के विद्यार्थियों को पैनोरमा विजिट करवाकर गौरवशाली इतिहास से परिचित कराया जाये।

मुख्यमंत्री ने देवस्थानों से जुड़ी बजट घोषणाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि राजस्थान के प्रमुख मंदिरों को भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए राज्य सरकार पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है, ताकि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिल सके।

 

 

Next Post

राजस्थान विधानसभा के अमृत महोत्सव आयोजन की देशभर में है गूंज- बिरला

Thu Jul 23 , 2026
नयी दिल्ली/जयपुर, 23 जुलाई (वार्ता) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी को राजस्थान विधानसभा के अमृत महोत्सव आयोजन की बधाई देते हुए कहा है कि इस तरह का देश की किसी विधानसभा में पहली बार इतना व्यापक और ऐतिहासिक आयोजन हुआ जिसकी देशभर में गूंज हैं। श्री […]

You May Like