नयी दिल्ली/जयपुर, 23 जुलाई (वार्ता) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी को राजस्थान विधानसभा के अमृत महोत्सव आयोजन की बधाई देते हुए कहा है कि इस तरह का देश की किसी विधानसभा में पहली बार इतना व्यापक और ऐतिहासिक आयोजन हुआ जिसकी देशभर में गूंज हैं।
श्री बिरला ने गुरुवार को श्री देवनानी के नयी दिल्ली में उनसे शिष्टाचार भेंट कर राजस्थान विधानसभा के अमृत महोत्सव वर्ष के ऐतिहासिक आयोजनों तथा राज्य की सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करने के दौरान यह बात कही।
श्री बिरला ने हाल में जयपुर में आयोजित राजस्थान विधानसभा के अमृत महोत्सव के तहत “विधायी गौरव यात्रा एवं पूर्व और वर्तमान विधायकों के ऐतिहासिक समागम” को लोकतांत्रिक इतिहास का अभूतपूर्व आयोजन बताते हुए श्री देवनानी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि इसमें 410 पूर्व एवं वर्तमान विधायकों के एक साथ शामिल हुए और राजस्थान के सांसदों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति दर्ज हुई। इसके साथ ही पूर्व विधानसभा अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों, छह या उससे अधिक बार निर्वाचित रहे वरिष्ठ विधायकों का सम्मान किया गया। साथ ही वर्ष 1952 से अब तक राजस्थान विधानसभा द्वारा पारित 24 ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण कानूनों पर गंभीर विमर्श आयोजित किया गया, जिसने लोकतांत्रिक विकास यात्रा को नयी दृष्टि प्रदान की।
उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन, राजस्थान और पंजाब के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े और गुलाब चन्द कटारिया, प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी ने आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया। वहीं विधानसभा के सबसे वरिष्ठ शतायु पूर्व विधायक पंडित रामकिशन तथा 96 वर्षीय वरिष्ठ पूर्व विधायक नारायण सिंह की सहभागिता लोकतांत्रिक परंपराओं के सम्मान का प्रेरक उदाहरण रही।
श्री बिरला ने कहा कि संभवतः देश की किसी भी विधानसभा में इतने व्यापक स्वरूप का ऐसा आयोजन पहली बार हुआ है। लोकतांत्रिक विरासत को नयी पीढ़ी तक पहुंचाने तथा पूर्व और वर्तमान जन प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाने की यह अनूठी पहल राजस्थान विधानसभा की गौरवशाली परंपराओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाली सिद्ध होगी। उन्होंने इस ऐतिहासिक आयोजन की सफलता का पूरा श्रेय श्री देवनानी के नेतृत्व, दूरदृष्टि और प्रभावी समन्वय को दिया।
इस अवसर पर श्री देवनानी ने श्री बिरला का अमृत महोत्सव के प्रथम कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि अमृत महोत्सव के आयोजन का उद्देश्य केवल अतीत का स्मरण करना नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं और जनप्रतिनिधियों के योगदान को नयी पीढ़ी तक पहुंचाना है।
श्री देवनानी ने केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से भी भेंट कर अजमेर के ऐतिहासिक तारागढ़ किले के संरक्षण, जीर्णोद्धार और समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार से विशेष आर्थिक सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि राजस्थान सरकार ने राज्य बजट में तारागढ़ किले के विकास के लिए 20 करोड़ रुपये स्वीकृत किये हैं लेकिन सम्राट पृथ्वीराज चौहान से जुड़ी इस राष्ट्रीय धरोहर का समुचित संरक्षण और विश्वस्तरीय विकास केवल राज्य सरकार के संसाधनों से संभव नहीं है। इसके लिए भारत सरकार का सक्रिय सहयोग आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि तारागढ़ किला भारतीय शौर्य, स्वाभिमान और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। यदि केंद्र और राज्य सरकार संयुक्त रूप से कार्य करें तो इसे देश के प्रमुख विरासत एवं पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित किया जा सकता है। इससे अजमेर की पर्यटन क्षमता को नई पहचान मिलेगी, स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी तथा रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
श्री शेखावत ने तारागढ़ किले के ऐतिहासिक महत्व को स्वीकार करते हुए विषय पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। नयी दिल्ली में हुई इन महत्वपूर्ण मुलाकातों ने एक ओर राजस्थान विधानसभा की लोकतांत्रिक परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर नयी प्रतिष्ठा दिलाई, वहीं दूसरी ओर राज्य की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण एवं विकास के लिए केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय की दिशा में भी सकारात्मक पहल का संदेश दिया।
श्री देवनानी ने अपने दिल्ली प्रवास में श्री सुनील बंसल और अन्य केन्द्रीय नेताओं से भी शिष्टाचार भेंट की और राज्य के विभिन्न विषयों पर चर्चा की। साथ ही उन्हें राजस्थान विधानसभा का नया प्रतीक चिह्न (लोगो ) भेंट किया। श्री बंसल और केन्द्रीय नेताओं ने विधानसभा के लोगो की जानकारी ली और उसमें राजस्थान के राज्य पशु ऊंट, राज्य वृक्ष खेजड़ी और राज्य पक्षी गोडावण को सम्मिलित किये जाने की प्रशंसा की।
