
ग्वालियर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज दतिया विधानसभा उपचुनाव के अंतर्गत कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह के समर्थन में जनसंपर्क कर आमजन से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों और क्षेत्रों में नागरिकों से संवाद कर विकास, न्याय और जनहित की राजनीति को मजबूत बनाने का आग्रह किया।
पटवारी ने कहा कि दतिया की जनता का उत्साह और अपार समर्थन स्पष्ट संकेत दे रहा है कि इस बार कांग्रेस ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि पूरे दतिया में घूमने के दौरान जनता का एक ही स्वर सुनाई दे रहा है कि भाजपा के प्रति लोगों में भारी नाराज़गी है।
उन्होंने कहा, “मैं दतिया के गाँव-गाँव घूम रहा हूँ, लेकिन न कोई भाजपा के प्रत्याशी को जानता है और न ही उन्हें वोट देना चाहता है। दतिया में एक बार फिर कांग्रेस का परचम लहराना तय है।” प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा पर लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि दतिया की जनता ने देखा है कि किस प्रकार भाजपा ने लोकतंत्र का गला घोंटते हुए कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त कराई। जनता इस अन्याय को भूली नहीं है और इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से मतदान के माध्यम से देगी।
उन्होंने कहा कि यह उपचुनाव केवल एक सीट का चुनाव नहीं, बल्कि लोकतंत्र, जनादेश और संविधान की रक्षा का चुनाव है। दतिया की जनता भाजपा के अहंकार और अन्याय का करारा जवाब देते हुए कांग्रेस प्रत्याशी कुँवर घनश्याम सिंह को भारी मतों से विजयी बनाएगी।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी, प्रदेश महासचिव किरण अहिरवार, वरिष्ठ नेता अवधेश नायक सहित कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
