
नीमच। जिले में खेल प्रेमियों के लिए शुक्रवार से राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ का आगाज होने जा रहा है। 30वीं मध्यप्रदेश स्टेट ट्रायथलॉन एवं एक्वाथलॉन चैंपियनशिप-2026 का शुभारंभ 24 जुलाई को सुबह 6 बजे होगा। प्रतियोगिता में प्रदेश के 16 जिलों से करीब 200 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता का शुभारंभ नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, एसडीएम पराग जैन, सीएसपी किरण चौहान, जिला शिक्षा अधिकारी ऐश्वर्या मुंडड़ा तथा जिला खेल अधिकारी मुकुल रॉय बेंजामिन खिलाडिय़ों को हरी झंडी दिखाकर और सीटी बजाकर करेंगे। राज्य स्तरीय इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता के संचालन के लिए प्रदेशभर से करीब 40 तकनीकी अधिकारी नीमच पहुंचे हैं। तकनीकी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी ओ.पी. अवस्थी और जे.पी. सक्सेना संभालेंगे, जबकि मध्यप्रदेश ट्रायथलॉन एसोसिएशन के अध्यक्ष श्रीकांत तिवारी, उमाशंकर व्यास एवं अन्य पदाधिकारी संपूर्ण आयोजन की निगरानी करेंगे।
नीमच जिला ट्रायथलॉन एसोसिएशन के अनुसार गुरुवार को सभी खिलाडिय़ों का पंजीयन किया गया। प्रतियोगिता से पहले स्विमिंग पूल, साइकिलिंग ट्रैक और रनिंग रूट का तकनीकी परीक्षण एवं निरीक्षण भी विशेषज्ञों की मौजूदगी में किया गया, ताकि खिलाडिय़ों को सुरक्षित और बेहतर प्रतिस्पर्धी वातावरण मिल सके। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों की ट्रायथलॉन और एक्वाथलॉन स्पर्धाएं आयोजित होंगी, जिनमें खिलाड़ी अपनी फिटनेस, सहनशक्ति और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन समिति ने प्रतिभागियों के लिए आवास, भोजन, चिकित्सा एवं तकनीकी सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की है। आयोजन समिति ने जिले के खेल प्रेमियों, विद्यार्थियों और नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। आयोजकों का मानना है कि इस प्रतियोगिता से जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय खिलाडिय़ों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलेगी।
