तिरुवनंतपुरम, 22 जुलाई (वार्ता) केरल के तिरुवनंतपुरम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रदेश कांग्रेस (केपीसीसी) मुख्यालय तक मार्च निकाला और इस दौरान हुईं झड़पों से तनाव बढ़ गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया। भाजपा ने यह रैली नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवास के पास कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में निकाली थी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने इस मार्च का नेतृत्व किया।
हालात तब तनावपूर्ण हो गए जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर केपीसीसी मुख्यालय के पास लगाए गये पुलिस बैरिकेड्स को तोड़ने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने दखल दिया, जिससे पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गयीं।हालात बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारें की। भाजपा ने आरोप लगाया कि इस टकराव के दौरान पुलिस ने पार्टी की एक महिला कार्यकर्ता को थप्पड़ मारा।

