सोनम वांगचुक से अनशन समाप्त करने की दिग्विजय ने की अपील

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से अपना अनशन समाप्त करने की अपील करते हुए कहा है कि उनका जीवन देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसे किसी भी परिस्थिति में जोखिम में नहीं डालना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में पूरी मजबूती से संघर्ष जारी रखेगी।

बुधवार को जारी अपने रिकॉर्डेड संदेश में दिग्विजय सिंह ने कहा कि युवाओं के भविष्य की लड़ाई के लिए सोनम वांगचुक का संघर्ष सराहनीय है, लेकिन वे इस आंदोलन के लिए अपने जीवन को दांव पर न लगाएं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनहित के मुद्दों का समाधान जनआंदोलन और राजनीतिक संघर्ष के माध्यम से होना चाहिए, न कि किसी व्यक्ति के स्वास्थ्य या जीवन की कीमत पर।

सरकार पर निशाना साधते हुए दिग्विजय सिंह ने उसे संवेदनहीन बताते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में भी सोनम वांगचुक जैसे महत्वपूर्ण व्यक्तित्व का जीवन खतरे में पड़ना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को पूरी ताकत और दृढ़ता के साथ उठाएगी तथा युवाओं से जुड़े मुद्दों के समाधान तक संघर्ष जारी रखेगी।

गौरतलब है कि सोनम वांगचुक के आंदोलन को लेकर राजनीतिक हलकों में लगातार चर्चा बनी हुई है और कांग्रेस इसे युवाओं के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे के रूप में प्रमुखता से उठा रही है।

Next Post

इको कार को घसीटते ले गया ट्राला, चालक की मौत, 6 घायल

Wed Jul 22 , 2026
जबलपुर। पाटन थाना अंतर्गत गुरुपिपरिया गांव के पास जबलपुर से पाटन की ओर जा रहे एक अनियंत्रित ट्राले ने सामने से आ रही मारुति इको कार को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्राला कार को घसीटते हुए सड़क किनारे एक खेत में जा घुसा। […]

You May Like