भोपाल में बीजेपी का विरोध मार्च,भगवानदास सबनानी और रमेश्वर शर्मा ने कांग्रेस को घेरा

भोपाल: दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के पास कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर शुरू हुआ सियासी विवाद अब मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल तक पहुंच गया है। कांग्रेस के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में रेड क्रॉस हॉस्पिटल से कांग्रेस प्रदेश कार्यालय तक विरोध मार्च निकाला। इस दौरान बड़ी संख्या में बीजेपी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की और आरोप लगाया कि पार्टी ने प्रधानमंत्री आवास के पास प्रदर्शन कर लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन किया है।

प्रदर्शन के दौरान बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस पर राजनीतिक स्वार्थ के लिए आंदोलन करने का आरोप लगाया। भगवानदास सबनानी ने कहा कि प्रधानमंत्री पहले ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कह चुके हैं, इसके बावजूद कांग्रेस इस मुद्दे पर राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और संसदीय परंपराओं का सम्मान होना चाहिए और इसी संदेश को लेकर बीजेपी कांग्रेस कार्यालय तक विरोध मार्च निकाल रही है।

वहीं, विधायक रमेश्वर शर्मा ने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी जनता के मुद्दों की आड़ में राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की गतिविधियां लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं हैं और प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था जैसे संवेदनशील विषयों पर भी राजनीति की जा रही है। उनका कहना था कि बीजेपी इस प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस की कार्यशैली को जनता के सामने लाना चाहती है।

दिल्ली की घटना के बाद भोपाल में भी राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है। एक ओर बीजेपी कांग्रेस पर लोकतांत्रिक मर्यादाओं के उल्लंघन का आरोप लगा रही है, तो दूसरी ओर कांग्रेस अपने आंदोलन को छात्रों और युवाओं के मुद्दों से जोड़कर सरकार को घेर रही है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर प्रदेश की राजनीति और तेज होने के आसार हैं

Next Post

अपर कलेक्टर विनय द्विवेदी बने कार्यवाहक कलेक्टर

Wed Jul 22 , 2026
छतरपुर। छतरपुर जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अपर कलेक्टर विनय द्विवेदी को कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। यह व्यवस्था कलेक्टर पार्थ जैसवाल और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नमः शिवाय अरजरिया के अवकाश पर रहने की अवधि के […]

You May Like