इंदौर:वर्षों पहले शहर में रिंग रोड बनाया गया था लेकिन इस रिंग रोड के सर्विस रोड की हालत जर्जर है. जब रिंग रोड का निर्माण किया गया था तो उसे कुछ वर्षों तक उसका चकाचक रखरखाव किया गया. समय बित गया और नगर निगम के आला अधिकारियों ने उस पर ध्यान देना बंद कर दिया. आज रिंग रोड के सर्विस रोड पर कहीं गड्ढे होते हैं तो कहीं पानी भरा रहता है तो कहीं चैंबर टूटे पड़े रहते हैं. इस मार्ग से जितनी भी कालोनियां या बस्ती जुड़ी है वहां के रहवासियों के लिए मुसीबत बनी हुई है. इसी तरह से एक नज़ारा वार्ड क्रमांक 54 के न्यू इंदिरा एकता नगर में भी देखा गया है. जहां बीच सड़क पर चैंबर टूटा है और मिट्टी का ढेर लगा हुआ है और कहीं-कहीं गहरे गड्ढे भी मौजूद हैं.
इनका कहना है:
एक क्षेत्र की बात नहीं है पूरा रिंग रोड घूम लीजिए, आपको सर्विस रोड की हालत जर्जर ही दिखाई देगी. सर्विस रोड का उपयोग बस्ती या कॉलोनी वाले करते जो मुसीबत का सामना करते हैं.
– पवन सेन
सड़क के बीचो-बीच चैंबर टूट चुका है और पास ही मिट्टी का बड़ा ढेर लगा हैं. कोई ज़िम्मेदार ध्यान नहीं देता. आते-जाते गिरते-पड़ते चोट खाते हैं. ऐसे में कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है.
– राजेश निहाले
सर्विस रोड जर्जर होने के अलावा बरसात में पानी भर जाता है जिसकी निकासी नहीं होती. उस समय यह गड्ढे लोगों के लिए और मुसीबत बढ़ा देते हैं. नगर निगम को इस पर ध्यान देना चाहिए.
– पवन नायक
भारी वाहनों से टूटे
भारी वाहन के निकलने से चैंबर टूटे हैं. मैंने वहां जाकर उसे देख लिया है. अभी लेबर नहीं थी. संभवतः कल या परसों तक चेंबर को सुधारकर वहां से मिट्टी हटा दी जाएगी.
– महेश बसवाल, पार्षद
