शिवपुरी: करैरा व शिवपुरी के बाद अब जिले के कोलारस और पिछोर विधानसभा में केन्द्रीय विद्यालय की सौगात मिलने वाली है। इन दोनों स्थानों के लिए केन्द्रीय विद्यालय संगठन भोपाल से भी मंजूरी मिल गई है। अब स्थानीय प्रशासन पिछोर व कोलारस में केन्द्रीय विद्यालय भवन बनाने के लिए जमीन की खोजबीन में लग गया है। दोनों जगह तीन-तीन अलग-अलग स्थानों पर जमीने देख ली गई है और इनमें से एक जगह फाइनल करना बाकी है।
जानकारी के मुताबिक जिले के पिछोर व कोलारस में केन्द्रीय विद्यालय खोलने की मांग कई साल से स्थानीय लोगों द्वारा की जा रही थी। इस मांग को लेकर केन्द्रीय मंत्री व स्थानीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने केन्द्रीय शिक्षा मंत्री से पत्राचार किया था। साथ ही केन्द्रीय विद्यालय संगठन भोपाल व दिल्ली में भी संपर्क किया। इसके बाद से केन्द्रीय विद्यालय संगठन ने शिवपुरी के पिछोर व कोलारस में केन्द्रीय विद्यालय खोलने के लिए मंजूरी दे दी है। अब इन दोनों विधानसभाओं में स्थानीय प्रशासन भवन बनने के लिए जमीन देखने से लेकर अन्य तैयारियों में जुट गया है।
