पिछले 6 माह से वेतन नहीं मिला, मांगने पर मिलती है धमकी..

सतना: जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में संविदा के माध्यम से कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें पिछले लगभग छह महीनों से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि वर्तमान में उन्हें मात्र 8 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जा रहा है, जो जिला कलेक्टर द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन से भी कम है। साथ ही उन्हें ईपीएफ, ईएसआई, स्वास्थ्य बीमा, ग्रेच्युटी, बोनस और पेड लीव जैसी श्रमिक हित की सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं।

कर्मचारियों ने अपने आवेदन में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के आदेश, श्रम विभाग के निर्देश और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए कहा है कि इन सुविधाओं का लाभ दिया जाना अनिवार्य है, लेकिन संबंधित एजेंसी द्वारा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि शिकायत करने पर कंपनी के सुपरवाइजर द्वारा कर्मचारियों पर नौकरी से निकालने और मानसिक दबाव बनाने की धमकी दी जाती है। कर्मचारियों का कहना है कि कई बार प्रशासन को मौखिक और लिखित शिकायत देने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।
एजेंसी की जांच कर हो कार्रवाई
कर्मचारियों ने कलेक्टर से मांग की है कि लंबित छह माह का वेतन और एरियर तत्काल दिलाया जाए, न्यूनतम वेतन के अनुसार भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ईपीएफ, ईएसआई सहित सभी श्रमिक सुविधाएं लागू कराई जाएं तथा संबंधित एजेंसी स्काईबुल सिक्योरिटी सर्विस प्राइवेट लिमिटेड की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में कर्मचारियों ने यह भी दावा किया है कि विभाग एजेंसी को ईपीएफ, ईएसआई और सर्विस चार्ज सहित करीब 21,839 रुपये प्रति कर्मचारी का भुगतान करता है, जबकि कर्मचारियों को केवल 8 हजार रुपये ही दिए जा रहे हैं। इसी आधार पर उन्होंने अपना मासिक वेतन बढ़ाकर 14 हजार रुपये किए जाने की मांग भी की है।

Next Post

बोलेरो और बाइक की टक्कर में 1 की मौत

Wed Jul 22 , 2026
सतना: मैहर जिले में मंगलवार सुबह नेशनल हाईवे-30 रीवा रोड पर लखवार के पास हुए सड़क हादसे में जहां एक युवक की मौत हो गई वहीं बाइक सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा बोलेरो और दोपहिया वाहन की आमने-सामने की टक्कर से […]

You May Like