इंदौर:खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत इंदौर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने दो दिनों में 9 डेयरी एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर दूध और दुग्ध उत्पादों के 37 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए. इनमें तीन प्रतिष्ठानों पर मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब एमएफटीएल से मौके पर प्रारंभिक जांच भी की गई.
कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में 20 और 21 जुलाई को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न डेयरी और मिठाई प्रतिष्ठानों की जांच की.
मदनी दूध डेयरी एंड स्वीट्स से दूध, पनीर, घी, दही, मलाई बर्फी और मिल्क केक के छह नमूने लिए गए. निरीक्षण में रेफ्रिजरेटर की सफाई संतोषजनक नहीं मिलने पर संचालक को सुधार के निर्देश दिए गए. सांवरिया दूध भंडार से दूध और दही के नमूने लिए गए।शिवशक्ति मिल्क एंड स्वीट्स सेंटर, अंबे डेयरी एंड स्वीट्स और श्री कृष्ण दूध-दही भंडार सहित अन्य प्रतिष्ठानों से दूध, दही, पनीर, मावा, घी, मिठाई और नमकीन के नमूने जांच के लिए लिए गए.
स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश
विभाग ने सभी कारोबारियों को स्वच्छता, कोल्ड चेन बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं. सभी नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जाएंगे. रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
