
सीधी । शहर के जिला अस्पताल के सामने सिलेंडर लोड मिनी ट्रक के नीचे आये एक बाइक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। जिसमें नजर आ रहा है कि शउसकी बाइक पहले सड़क किनारे खड़ी गाय से टकराई। इसके बाद वह ऑक्सीजन सिलेंडर से लदे मिनी ट्रक के नीचे आ गया।
मृतक की पहचान सुनील साकेत उम्र 26 वर्ष निवासी नौढ़िया के रूप में हुई है, जो टाइल्स लगाने का काम करता था। जानकारी के अनुसार, वह काम खत्म कर देर रात बाइक से घर लौट रहा था। अस्पताल चौक के पास सोमवार रात करीब 9.30 बजे मिनी ट्रक क्रमांक एमपी 53 जीए 3533 ओवरटेक करने के दौरान उसकी बाइक सड़क किनारे खड़ी गाय से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक के नीचे चली गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदा मिनी ट्रक जब्त कर लिया। घटना के बाद कुछ समय तक अस्पताल चौक पर यातायात प्रभावित रहा।
इनका कहना है-
एक्सीडेंट में युवक की मौत के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
विवेक द्विवेदी, थाना प्रभारी कोतवाली
