भोपाल: मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ अनोखे अंदाज में सांकेतिक प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक दल ने विधानसभा परिसर में किसानों, युवाओं, महिलाओं और आदिवासी समाज से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा।
उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि प्रदेश में किसानों को खाद की कमी, युवाओं को रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा, आदिवासी अधिकार, ओबीसी आरक्षण और कथित घोटालों जैसे अहम मुद्दों पर सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है। उनका कहना था कि जनता से जुड़े इन सवालों का जवाब देने के बजाय सरकार दूसरे मुद्दों पर ज्यादा ध्यान दे रही है।
कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर में नारेबाजी करते हुए सरकार से जनहित के मुद्दों पर जवाब देने और ठोस कार्रवाई की मांग की। मानसून सत्र के दूसरे दिन इस प्रदर्शन के बाद सदन के भीतर और बाहर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया। आने वाले दिनों में इन मुद्दों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच और तीखी बहस देखने को मिल सकती है।
