
सीहोर। इंदौर से भोपाल तक निकाली जा रही करणी सेना परिवार की ट्रैक्टर यात्रा को देवास जिले के क्षिप्रा में पुलिस-प्रशासन द्वारा रोकने, मूंग उपार्जन पर तय की गई खरीदी सीमा तथा वर्ष 2024-25 की फसल बीमा राशि का भुगतान नहीं होने के विरोध में सोमवार को करणी सेना परिवार का आक्रोश फूट पड़ा. संगठन के कार्यकर्ताओं ने फंदा और अमलाहा टोल प्लाजा पर करीब दो घंटे तक प्रदर्शन कर हाईवे पर आवागमन बाधित कर दिया. प्रदर्शन के कारण टोल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
करणी सेना परिवार के नेता जीवनसिंह शेरपुर के नेतृत्व में इंदौर से भोपाल तक निकाली जा रही ट्रैक्टर यात्रा को देवास जिले के क्षिप्रा में पुलिस एवं प्रशासन द्वारा रोकने की कार्रवाई के विरोध में सोमवार दोपहर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी भोपाल-इंदौर हाईवे स्थित फंदा टोल प्लाजा पहुंच गए. दोपहर करीब तीन बजे शुरू हुए प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विभिन्न किसान हितों से जुड़े मुद्दों पर नाराजगी जताई. हालांकि करणी सेना के प्रदर्शन की भनक प्रशासन को लग गई थी. यही कारण रहा कि भारी संख्या में पुलिस बल टोल प्लॉजा पर तैनात किया गया था.
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इंदौर में निर्माणाधीन रिंग रोड परियोजना के लिए जिन किसानों की भूमि अधिग्रहित की गई है, उन्हें अब तक उचित मुआवजा नहीं मिला है.ऐसे किसानों की आवाज उठाने के लिए निकाली जा रही ट्रैक्टर यात्रा को बीच रास्ते में रोकना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है. उन्होंने करणी सेना परिवार पर वाटर कैनन और आंसूगैस के गोले दागे जाने की कार्रवाई पर भी आक्रोश जताया.
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने मूंग उपार्जन में तय सीमा पर भी सवाल उठाए. उनका कहना था कि शासन द्वारा प्रति एकड़ केवल एक क्विंटल 20 किलो तथा प्रति हेक्टेयर तीन क्विंटल तक ही मूंग खरीदी जा रही है, जबकि इस वर्ष उत्पादन इससे कहीं अधिक हुआ है. ऐसे में शेष उपज किसानों को खुले बाजार में कम कीमत पर बेचनी पड़ेगी, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा. किसानों ने खरीदी की सीमा समाप्त कर पूरी उपज समर्थन मूल्य पर खरीदने की मांग की.
बीमा राशि नहीं मिलने से भी नाराज करणी सैनिक
टोल प्लाजा के समक्ष प्रदर्शन कर रहे करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने वर्ष 2024-25 में सोयाबीन फसल खराब होने के बावजूद बीमा राशि का भुगतान नहीं होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया. उनका कहना था कि लंबे समय से किसान बीमा क्लेम का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया जा रहा है.
समझाईश के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन
करणी सैनिकों द्वारा टोल प्लॉजा पर किए जा रहे प्रदर्शन की सूचना मिलते ही भोपाल जिले के एडिशनल एसपी संजीत कुमार और एसीपी आदित्यराज ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने करीब दो घंटे तक प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उन्हें समझाने का प्रयास किया. शाम पांच बजे अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और इसके बाद टोल प्लाजा पर यातायात सामान्य हो सका.
