
इंदौर। उड़ते कबूतर द्वारा आहारा कैफ़े में “टी, टेल्स एंड ट्विस्ट” नामक मुक्त संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जीवन, दर्शन, समसामयिक विषयों एवं समाज से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सार्थक चर्चा के लिए एक खुला मंच उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम में लगभग 30 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें आईटी प्रोफेशनल, टेक इंजीनियर, प्रोफेसर, रेडियो जॉकी (आरजे) सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग शामिल थे। प्रतिभागियों ने अपने विचार साझा किए और जीवन से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रश्नों पर खुलकर चर्चा की। संवाद के दौरान विभिन्न दृष्टिकोण सामने आए, जिससे कार्यक्रम विचारों के आदान-प्रदान का प्रभावी मंच बना।
कार्यक्रम के समापन पर एक रचनात्मक गतिविधि का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने अपने हाथों से फोटो फ्रेम फ्रिज मैग्नेट तैयार किए। इस गतिविधि ने कार्यक्रम में रचनात्मकता और सहभागिता का विशेष रंग जोड़ा।
उड़ते कबूतर के संस्थापक शशांक और रितिक ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य लोगों को ऐसे विषयों पर विचार-विमर्श करने का अवसर देना है, जिन्हें दैनिक जीवन की व्यस्तता में अक्सर अनदेखा कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के संवाद समाज में सकारात्मक सोच, आपसी समझ और वैचारिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
