जिला अधिवक्ता संघ चुनाव में बड़ा बवाल: फर्जी मतदान के आरोप के बाद चुनाव निरस्त, मतपेटियां सीज

जबलपुर। जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव के दौरान सोमवार को उस समय हंगामा मच गया, जब दोपहर करीब 1 बजे कुछ प्रत्याशियों ने फर्जी तरीके से मतदान किए जाने का आरोप लगाते हुए आपत्ति दर्ज कराई। विवाद बढ़ने पर मतदान केंद्र पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थिति को देखते हुए चुनाव अधिकारी जी. एस. ठाकुर ने चुनाव प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की घोषणा कर दी। इसके साथ ही उन्होंने अपने पद से इस्तीफा भी दे दिया।

घटनाक्रम के बाद चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों ने जिला एवं सत्र न्यायाधीश से मुलाकात कर पूरे मामले में हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया। इसके बाद जिला एवं सत्र न्यायाधीश के निर्देश पर सभी मतपेटियों को सीज कर दिया गया, ताकि आगे की कार्रवाई निष्पक्ष ढंग से की जा सके।

अब जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों और चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों के बीच आगे की रणनीति को लेकर मंथन शुरू हो गया है। सभी पक्ष इस बात पर जोर दे रहे हैं कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वतंत्र हो तथा जल्द से जल्द नए सिरे से मतदान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

फिलहाल अधिवक्ता संघ के चुनाव को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। अब सभी की नजर जिला न्यायाधीश के अगले निर्णय और नई चुनाव प्रक्रिया की घोषणा पर टिकी है।

Next Post

मां ताप्ती जन्मोत्सव पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ 2 लाख से अधिक लोगो ने किए मां ताप्ती के दर्शन 

Mon Jul 20 , 2026
मुलताई। पवित्र नगरी में आषाढ़ मास की शुक्ल सप्तमी पर सोमवार को मां ताप्ती का जन्मोत्सव आस्था,हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर करीब 2 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने मां ताप्ती की पूजा अर्चना कर ताप्ती सरोवर कि परिक्रमा की।ताप्ती तट स्थित मंदिरो एवं परिक्रमा मार्ग को […]

You May Like