भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की अध्यक्षता में रविवार को भोपाल में कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में सोमवार से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र के लिए पार्टी की रणनीति तय की गई। कांग्रेस ने निर्णय लिया कि वह सदन में जनहित से जुड़े प्रमुख मुद्दों को पूरी मजबूती के साथ उठाएगी और सरकार से जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग करेगी।
बैठक में मुख्यमंत्री और उनके परिवार से जुड़े कथित भूमि घोटाले, किसानों की समस्याएं, सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए वार्षिक जॉब कैलेंडर जारी करने की मांग, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, भर्ती परीक्षाओं में सुधार, समान नागरिक संहिता (यूसीसी), अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति के अधिकार, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था, केन-बेतवा परियोजना तथा प्रदेश में कथित भ्रष्टाचार के मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई।
उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस इन सभी मुद्दों को तथ्य और साक्ष्यों के साथ सदन में उठाएगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष रचनात्मक लेकिन मजबूत भूमिका निभाते हुए सरकार को जनता के हितों और कल्याण से जुड़े हर महत्वपूर्ण प्रश्न का जवाब देने के लिए बाध्य करेगा।
