सतना: पश्चिम मध्य रेलवे के सतना रेलवे स्टेशन पर रेल यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों के निर्बाध संचालन को लेकर व्यापक ट्रैक मेंटीनेंस अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-1 पर रेलवे इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने बड़े स्तर पर रेल पथ के रखरखाव और नवीनीकरण का कार्य किया। इस दौरान अत्याधुनिक मशीनों और बड़ी संख्या में तकनीकी कर्मचारियों की मदद से घिस चुकी पटरियों की मरम्मत और आवश्यक स्थानों पर उनका प्रतिस्थापन किया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह कार्य नियमित मेंटीनेंस कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य ट्रैक को बेहतर स्थिति में बनाए रखना और भविष्य में किसी भी तकनीकी समस्या की संभावना को कम करना है। रेलवे समय-समय पर अल्ट्रासोनिक जांच, ट्रैक निरीक्षण और तकनीकी परीक्षण के आधार पर कमजोर या घिसी हुई पटरियों की पहचान कर उनका नवीनीकरण करता है।
मेंटीनेंस कार्य के दौरान रेलवे ने सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करते हुए कुछ समय के लिए ट्रैफिक ब्लॉक लिया। इसके चलते कुछ ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में परिवर्तन किया गया, जबकि कुछ ट्रेनों का परिचालन निर्धारित समय से थोड़े समय के लिए प्रभावित रहा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से लगातार सूचनाएं प्रसारित कीं, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
ट्रैक की लाइनिंग-लेवलिंग
रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग ने ट्रैक पर लगे फास्टनरों, स्लीपरों, बैलेस्ट पैकिंग तथा रेल जोड़ों का भी तकनीकी निरीक्षण किया। आवश्यक स्थानों पर ट्रैक की लाइनिंग और लेवलिंग का कार्य भी किया गया, जिससे ट्रेनों की गति और संचालन में सुरक्षा बनी रहे। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि सतना जंक्शन पश्चिम मध्य रेलवे का महत्वपूर्ण स्टेशन है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में एक्सप्रेस, सुपरफास्ट और माल गाडिय़ों का संचालन होता है। ऐसे में ट्रैक का नियमित रखरखाव अत्यंत आवश्यक है।
