18 अगस्त से पूर्ण निर्यात-आयात सेवाएं शुरू करेगा विझिंजम बंदरगाह

तिरुवनंतपुरम, 19 जुलाई (वार्ता) केरल के विझिंजम अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह पर 18 अगस्त से पूर्ण निर्यात-आयात (एक्जिम) सेवाएं शुरू होंगी। इसके साथ ही यह बंदरगाह ट्रांसशिपमेंट हब से विकसित होकर अंतरराष्ट्रीय माल ढुलाई के प्रमुख प्रवेश द्वार के रूप में कार्य करेगा।

इस अवसर पर केरल के मुख्यमंत्री पहले निर्यात कंटेनर को रवाना कर एक्जिम सेवाओं का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद आयोजित होने वाले ‘मिशन समुद्र बिजनेस समिट’ में वैश्विक शिपिंग कंपनियां, लॉजिस्टिक्स फर्म, निर्यातक, निवेशक और उद्योग जगत के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इस दौरान राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी समुद्री विकास पहल ‘मिशन समुद्र’ की भी औपचारिक शुरुआत होगी।

केरल सरकार और अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन (एपीएसईज़ेड) की सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) परियोजना के तहत विकसित विझिंजम बंदरगाह ने 18 महीने पहले वाणिज्यिक परिचालन शुरू होने के बाद से 20 लाख से अधिक टीईयू (ट्वेंटी-फुट इक्विवेलेंट यूनिट) कंटेनरों का संचालन किया है।

राज्य सरकार का कहना है कि एक्जिम सेवाएं शुरू होने से लॉजिस्टिक्स लागत में कमी आएगी, आपूर्ति शृंखला अधिक दक्ष होगी, भारतीय निर्यात की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ेगी और निवेश तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। भारत का पहला गहरे समुद्र का ट्रांसशिपमेंट बंदरगाह और दक्षिण एशिया का पहला पूर्णतः स्वचालित कंटेनर टर्मिनल विझिंजम सभी शिपिंग कंपनियों के लिए समान रूप से उपलब्ध रहेगा।

 

 

Next Post

किलियन एमबापे ने गोल्डन बूट की दौड़ में लियोनेल मेसी को पछाड़ा

Sun Jul 19 , 2026
मियामी (फ्लोरिडा) 19 जुलाई (वार्ता) इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे स्थान के लिए शनिवार को हुए मुकाबले में 4-6 से हार के बावजूद फ्रांस के स्टार खिलाड़ी एमबापे ने गोल्डन बूट की दौड़ में अर्जेंटीना के दिग्गज लियोनेल मेसी को पछाड़ दिया है। इस रोमांचक प्लेऑफ मुकाबले में एमबापे ने अपना […]

You May Like