इंदौर:मूसाखेड़ी रिंग रोड चौराहे पर चल रहे फ्लाईओवर निर्माण और बीच सड़क पर ई-रिक्शा चालकों द्वारा बेतरतीब ढंग से सवारियां भरने के कारण ट्रैफिक जाम लगा रहता है, जिससे आम जनता और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.शहर में बेलगाम यातायात व्यवस्था के बीच मूसाखेड़ी रिंग रोड चौराहा इन दिनों अव्यवस्थाओं का केंद्र बना हुआ है. यहां फ्लाईओवर निर्माण कार्य के कारण सड़क संकरी हो गई है, जिससे वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है.
इसके बावजूद ई-रिक्शा चालक नियमों को दरकिनार कर चौराहे और मुख्य मार्ग पर वाहन खड़े कर सवारियों का इंतजार करते रहते हैं. कई बार एक साथ कई ई-रिक्शा सड़क घेर लेते हैं, जिससे अन्य वाहनों की आवाजाही बाधित होती है और जाम की स्थिति बन जाती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यातायात विभाग ने ई-रिक्शा के लिए निर्धारित रूट तय किए हैं, लेकिन दूसरे रूट के ई-रिक्शा भी इसी चौराहे पर कब्जा जमाए रहते हैं. इसका असर सिटी बस सेवा पर भी पड़ रहा है. बस निर्धारित समय के लिए रुकती है, लेकिन ई-रिक्शा की भीड़ के कारण यात्री आसानी से बस तक नहीं पहुंच पाते. लोगों ने यातायात विभाग से नियमित कार्रवाई और व्यवस्था सुधारने की मांग की है.
यह बोले नागरिक…
यूं तो दिनभर वाहनों की भीड़ रहती है, लेकिन सुबह और शाम के समय यातायात का दबाव बहुत ज्यादा बढ़ जाता है. ऐसे में 15-20 ई-रिक्शा बीच सड़क पर खड़े हो जाते हैं, इससे वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है. ई-रिक्शा चालकों को बोलो तो झगड़े पर उतारू हो जाते हैं.
– मदन यादव
जब ई-रिक्शा का रूट यातायात विभाग ने तय कर दिया, फिर भी दूसरे रूट के ई-रिक्शा यहां पर आकर खड़े हो जाते हैं. चौराहे पर ट्रैफिक व्यवस्था के लिए पुलिस की तैनाती बहुत जरूरी है.
– विमल ठाकुर
चौराहे पर पहले ही जगह नहीं हैं. यातायात का दबाव इतना है कि सुबह से शाम तक कई बार जाम लग जाता है. ज्यादा देर बस को रोक नहीं सकते, ऐसे में बस खाली जाती है.
– महेंद्र चौहान, सिटी बस एरिया सुपरवाइजर
