
भोपाल। हर्षवर्धन नगर के श्री बजरंग मंदिर, पंपापुर में महिला मंडल द्वारा पहली बार महिलाओं की भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया। श्रद्धालु पवित्र नर्मदा नदी का जल और मिट्टी कांवड़ में लेकर भजन-कीर्तन व हर-हर महादेव, बोल बम के जयघोष के साथ मंदिर पहुंचे।
मंदिर पहुंचने के बाद आचार्य लोकेश शर्मा के सान्निध्य में विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन और अभिषेक किया गया। महिला मंडल की सदस्य इंद्राणी दत्ता ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ महिलाओं को आध्यात्मिक और सामाजिक रूप से जोड़ना है।
कार्यक्रम का समापन महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं ने सभी के मंगलमय जीवन की कामना की।
