
उज्जैन। तेज गति से दौड़ती कार के चालक ने बाइक सवार दो लोगों को कुचल दिया। दुर्घटना में एक की मौके पर मौत हो गई। दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ है। लोगों ने कार चालक और उसके दो साथियों को पकडऩे का प्रयास किया, लेकिन तीनों भाग निकले।
भैरवगढ़ थाना पुलिस ने बताया कि उन्हेल रोड पर तेज गति से दौड़ती कार के चालक ने बाइक से उज्जैन की ओर आ रहे दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक सवार गिर पड़े। चालक ने कार लेकर भागने का प्रयास किया और दोनों पर पहिया चढ़ा दिया। कार अनियंत्रित हो चुकी थी। लोगों ने चालक और उसके दो साथियों को पकडऩे का प्रयास किया लेकिन तीनों कार छोडक़र भाग निकले। दुर्घटना में घायल हुए एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ था। लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल लाया गया। इस बीच मृतक और घायल के परिजनों को दुर्घटना की जानकारी लगी तो अस्पताल पहुंचे। मृतक का नाम इकबाल पिता चांद खान 45 वर्ष और घायल मनीष पिता दिलीप 20 वर्ष निवासी ग्राम खलाना होना सामने आया। परिजनों ने बताया कि दोनों खेती किसानी का काम करते हैं और खरीदारी के लिए उज्जैन आ रहे थे। भैरवगढ़ पुलिस के अनुसार मामले में दुर्घटना का प्रकरण दर्ज कर दिया गया है। कार नंबर के आधार पर चालक और उसके साथियों की तलाश की जा रही है। मृतक का पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों को सौंपा गया है।
