ग्रामीण की सतर्कता से विलुप्तप्राय पेंगोलिन का सुरक्षित रेस्क्यू

हट्टा, वन परिक्षेत्र हट्टा (सामान्य) अंतर्गत ग्राम परासपानी में एक विलुप्तप्राय वन्यजीव पेंगोलिन के घर में भटककर पहुंचने पर ग्रामीण की सतर्कता और वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से उसे सुरक्षित बचाकर प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।

जानकारी के अनुसार 17 जुलाई 2026 की रात्रि लगभग 12:30 बजे ग्राम परासपानी निवासी श्री प्रशांत चौधरी ने वन विभाग को सूचना दी कि एक पेंगोलिन उनके घर में आ गया है। सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र हट्टा (सामान्य) के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर पहुंचे और वन्यजीव का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे वन परिक्षेत्र कार्यालय हट्टा लाया गया।
इसके बाद उपवनमण्डलाधिकारी बालाघाट (सामान्य) एवं परिक्षेत्र अधिकारी हट्टा (सामान्य) की उपस्थिति में पशु चिकित्सा अधिकारी हट्टा डॉ. धर्मेंद्र गौतम द्वारा पेंगोलिन का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच में वन्यजीव पूर्णतः स्वस्थ पाया गया। पशु चिकित्सक की अनुशंसा के बाद पेंगोलिन को मानव व्यवधान से दूर निकटवर्ती आरक्षित वन क्षेत्र में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि किसी वन्यजीव के आबादी क्षेत्र में आने की सूचना मिले तो उसे स्वयं पकड़ने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि वन्यजीवों का सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके।

Next Post

लखन का मंत्रालय बदलने के पीछे चर्चाओं का दौर......!

Sat Jul 18 , 2026
महाकौशल की डायरी अविनाश दीक्षित बीते दिवस मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक बड़ा फैसला लेते हुए मंत्री लखन पटेल से पशुपालन एवं डेयरी विभाग का प्रभार वापस ले लिया। अब लखन पटेल केवल आनंद विभाग के मंत्री ही रहेंगे। पशुपालन विभाग वापस लिए जाने के बाद प्रतिक्रिया […]

You May Like